राजनीति
02 Jul, 2026

कालीघाट में ममता बनर्जी से मिलीं जया बच्चन, मुलाकात पर बढ़ी सियासी चर्चा

कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास पर जया बच्चन ने ममता बनर्जी से मुलाकात की, जिसके बाद इंडी गठबंधन और दोनों दलों के राजनीतिक संबंधों को लेकर नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।

कोलकाता, 02 जुलाई।

समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अभिनेत्री जया बच्चन ने गुरुवार को कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन भी मौजूद रहे। कालीघाट पहुंचने पर जया बच्चन का स्वागत ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने किया। हालांकि, बैठक में किन विषयों पर चर्चा हुई, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

हाल के समय में इंडी गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के रिश्तों में कुछ राजनीतिक दूरी की चर्चा रही है। कुछ दिन पहले कोलकाता दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा ने तृणमूल कांग्रेस की चुनावी हार के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया था। उनका कहना था कि जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया, इसलिए पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा था कि गठबंधन की राजनीतिक परिस्थितियों के चलते कई बार सार्वजनिक तौर पर अलग रुख अपनाना पड़ता है।

दूसरी ओर, चुनाव परिणाम आने के बाद अखिलेश यादव ने कोलकाता पहुंचकर ममता बनर्जी से मुलाकात की थी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर उनका समर्थन भी किया था। ममता बनर्जी ने भी चुनाव में धांधली और मतों की चोरी के आरोप लगाए थे। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

ऐसे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच जया बच्चन की कालीघाट यात्रा को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जया बच्चन और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। इससे पहले भी वह पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव प्रचार में भाग ले चुकी हैं।

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसे किरणमय नंदा के हालिया बयान के बाद दोनों दलों के रिश्तों में आई तल्खी कम करने की पहल या फिर इंडी गठबंधन की आगामी रणनीति पर संभावित चर्चा के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बैठक में हुई बातचीत को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़