अपराध
07 Jul, 2026

फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

कानपुर में फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट की आड़ में शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कानपुर, 07 जुलाई।

कल्याणपुर थाना पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट की आड़ में शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह का संचालन करने वाली एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से सक्रिय था और देशभर में 10 से 15 हजार से अधिक लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।

पुलिस के अनुसार एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कल्याणपुर स्थित आवास विकास क्षेत्र के एक फ्लैट में छापेमारी की गई। यहां ऑनलाइन मैच प्वाइंट के नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। इसी केंद्र से कानपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों और अन्य राज्यों के लोगों से संपर्क कर उन्हें ठगी का शिकार बनाया जाता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनुराधा त्रिवेदी, विक्रम खुटे और प्रियंका को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि कॉल सेंटर में करीब 15 युवतियां कार्यरत थीं। उन्हें प्रतिदिन 100 से 150 लोगों के मोबाइल नंबर दिए जाते थे। इसके बाद वे खुद को मैट्रिमोनियल वेबसाइट की प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करती थीं और उनकी पसंद व आवश्यकताओं की जानकारी जुटाती थीं।

जांच में सामने आया कि इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से आकर्षक युवतियों की तस्वीरें तैयार कर पीड़ितों को भेजी जाती थीं। भरोसा जीतने के लिए कॉल सेंटर में कार्यरत युवतियां ही संभावित दुल्हन बनकर लंबी बातचीत करतीं, शादी का आश्वासन देतीं और फिर रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल एक्टिवेशन, बातचीत तथा मुलाकात के नाम पर अलग-अलग शुल्क वसूलती थीं।

पुलिस के अनुसार गिरोह इसी तरीके से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करता था। पूछताछ के बाद कॉल सेंटर में कार्यरत 15 युवतियों को छोड़ दिया गया, जबकि तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ठगी की वास्तविक राशि और पीड़ितों की सही संख्या का पता चल सकेगा। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इस गिरोह के संबंध अन्य राज्यों या किसी बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़