टोंक, 07 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील के उंचा पटवार हल्का में पदस्थ पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि न्यायालय के आदेश के अनुसार परिवादी के पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा था।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पटवारी न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए जमीन की डिक्री दर्ज करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। साथ ही राशि नहीं देने पर परिवादी को परेशान करने की बात भी सामने आई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 25 जून 2026 को आरोपी द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और राशि लेने पर सहमति जताने की पुष्टि हुई। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस (अजमेर रेंज) के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं ट्रैप अधिकारी ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। ट्रैप के दौरान आरोपी पटवारी ने परिवादी को अपनी कार में बैठाकर रिश्वत की रकम कार के डैशबोर्ड बॉक्स में रखने के लिए कहा। इसके बाद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डैशबोर्ड बॉक्स से 20 हजार रुपये बरामद किए और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
















