भोपाल, 7 जुलाई।
मध्यप्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में लंबे समय से प्रतीक्षित एल्डरमेन नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करते हुए 49 नगर पालिका परिषदों और नगर परिषदों के लिए 756 नामित पार्षदों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के नगरीय निकायों के लिए नामित सदस्यों की सूची घोषित की गई है।
सरकार ने यह नियुक्तियां मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19(1)(ग) के प्रावधानों के तहत की हैं। आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित निकायों में एल्डरमेन की नियुक्तियां प्रभावी हो गई हैं। इससे नगर परिषदों और विभिन्न समितियों के गठन का रास्ता भी साफ हो गया है।
जारी सूची में सागर, रीवा, कटनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, शहडोल, धार, रतलाम, मंदसौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सतना, सीधी, सिंगरौली, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, छतरपुर, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सिवनी और बालाघाट सहित कई जिलों के नगरीय निकायों में एल्डरमेन नियुक्त किए गए हैं।
विभागीय आदेश के अनुसार सागर जिले में 18, रीवा में 14, कटनी में 10, छिंदवाड़ा में 16, नर्मदापुरम में 12, शहडोल में 11, धार में 15 और रतलाम में 13 एल्डरमेन बनाए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के नगर निकायों के लिए भी नामित सदस्यों की सूची जारी की गई है।
भोपाल और इंदौर नगर निगम की सूची का इंतजार
सरकार के जारी आदेश में भोपाल और इंदौर नगर निगम के लिए एल्डरमेन नियुक्ति शामिल नहीं की गई है। इन दोनों नगर निगमों के लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा। फिलहाल 49 नगर पालिका परिषदों और नगर परिषदों में ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई है।
















