फर्रुखाबाद, 08 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में जमीनी विवाद और वर्चस्व को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य हथियार भी बरामद किए हैं।
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश चंद्र ने बताया कि ग्राम मुडगांव के प्रधान और उनके साथियों ने एकजुट होकर ग्राम निसाई के प्रधान पति सत्येंद्र सिंह की कार में सवार लोगों पर हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला करने के बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
इस हमले में निसाई के प्रधान पति सत्येंद्र सिंह के सिर में गोली लग गई थी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र अभय और दोस्त राहुल के पैर में भी गोली लगी, वहीं मनोज नामक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मोहम्मदाबाद थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पांच नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामनारायण, मनीष, अजीत, रामनरेश और शिवनरेश निवासी मुडगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, चार खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, तीन लकड़ी के डंडे और एक लोहे का पाइप बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपित रामनारायण ने बताया कि उसका सत्येंद्र सिंह के साथ लंबे समय से जमीन कब्जे और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को विवादित जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
















