श्रावस्ती, 08 जुलाई।
जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने मौत का तांडव मचा दिया। नशे में धुत चालक ने तीन अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों को रौंद डाला, जिससे एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब गिरन्ट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने पहले बदला चौराहे पर चार लोगों को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन ने महरु गांव में दो अन्य ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल गैस एजेंसी संचालक महफूज उर्फ शेबू खान ने बहराइच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने स्कार्पियो को घेर लिया और आरोपी चालक को पकड़ लिया। चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर भीड़ के चंगुल से चालक को बचाया और वाहन को हिरासत में ले लिया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए बहराइच अस्पताल रेफर किया गया है।
इसी अफरा-तफरी के बीच, जब मृतक महफूज के भाई राजा अपने घायल भाई की सुध लेने बहराइच जा रहे थे, तब चिचड़ी गांव के पास उनका भी एक्सीडेंट हो गया। वे भी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की सघन तहकीकात की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
















