मौसम
08 Jul, 2026

मुंबई बारिश का असर, वसई-विरार लोकल 30 मिनट तक लेट

मुंबई में भारी बारिश और जलभराव के कारण वसई रोड से विरार के बीच लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं।

मुंबई, 08 जुलाई।

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश का असर लोकल ट्रेन सेवा पर पड़ा है। वसई रोड से विरार के बीच लोकल ट्रेनें करीब 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष इंतजाम किए हैं।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। खासकर नालासोपारा क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बार-बार बन रही है, जिसके कारण लोकल ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल चर्चगेट से वसई रोड, वसई रोड से विरार और विरार से दहानू रोड तक लोकल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। चर्चगेट से वसई रोड के बीच ट्रेन संचालन सामान्य है, वहीं वसई रोड, नालासोपारा और विरार के बीच जलभराव के कारण कुछ अंतराल के बाद ट्रेनों को चलाया जा रहा है।

पश्चिम रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोकल सेवाओं को जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि जलभराव के कारण ट्रेनों की गति धीमी रखी जा रही है, जिससे देरी हो रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मुंबई की लोकल ट्रेन आम लोगों के लिए जीवनरेखा है। बारिश के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए रेलवे कर्मचारी, वरिष्ठ अधिकारी और स्टेशन स्टाफ लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और यात्रियों को ट्रेन संचालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों के लिए पीने का पानी, चाय और रिफ्रेशमेंट जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। यदि किसी मार्ग पर ट्रेन संचालन सुरक्षित नहीं होता है तो सुरक्षा कारणों से सेवा को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से मौसम संबंधी सूचनाओं और रेलवे की ओर से जारी सलाह पर ध्यान देने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि पालघर क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिनों में भारी बारिश के कारण नालासोपारा क्षेत्र में जलभराव बढ़ गया है और कई जगहों पर पटरियों तक पानी पहुंच गया है।

रेलवे के अनुसार, बुधवार सुबह भी लोकल ट्रेन सेवा जारी रही, लेकिन पानी भरने के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम रखी गई, जिसके चलते यात्रियों को 25 से 30 मिनट की देरी का सामना करना पड़ रहा है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़