मेलबर्न, 8 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गए हैं। अपनी तीन दिवसीय यात्रा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दौरा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और उन्हें प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ होने वाली बातचीत का इंतजार है। उन्होंने कहा कि इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का अवसर भी मिलेगा, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की एक मजबूत कड़ी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न पहुंचे हैं। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी हिस्सा लेंगे। इस मंच पर वह दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह मेलबर्न में भारतीय प्रवासी समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत को महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बताया है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम भागीदार है।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनके स्वागत के लिए वैदिक हवन किया। ऑस्ट्रेलिया में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने कहा कि एक दशक में प्रधानमंत्री मोदी की यह तीसरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा दोनों देशों के बीच पिछले वर्षों में मजबूत हुए संबंधों को दर्शाती है।
















