धर्मशाला, 08 जुलाई।
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.15 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भवारना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए कांगड़ा और थाना भवारना की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने परौर क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक टीएन10सीए-5299 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक के बैग से 2.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश (22 वर्ष) निवासी भट्टू समूला, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
















