इंदौर, 08 जुलाई।
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह ने एक परिवार को तबाह कर दिया है। बुधवार सुबह मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में एक सगे भाई ने अपने ही भाई की हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, बाबा यादव की बड़ी गली में रहने वाले तीन भाई मजदूरी कर अपना गुजारा करते थे। सुबह संदीप और अजय के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। तैश में आए अजय ने संदीप के सिर पर घातक हमला कर दिया।
घटना के फौरन बाद तीसरा भाई घायल संदीप को लेकर अस्पताल भागा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि आरोपी अजय मौके पर ही मौजूद था और वह घटना के वक्त शराब के नशे में धुत था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय और उसके भाई दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पड़ोसियों का कहना है कि तीनों भाई शराब के लती थे, जिसके चलते घर में अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे।
फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस खौफनाक वारदात ने न केवल परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।
















