अपराध
08 Jul, 2026

प्रयागराज में ऑपरेशन दहन, 3.83 करोड़ का 766 किलो गांजा किया नष्ट

प्रयागराज पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत 766.67 किलोग्राम अवैध गांजे को नष्ट कर मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।

प्रयागराज, 08 जुलाई।

प्रयागराज में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ऑपरेशन दहन के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.83 करोड़ रुपये कीमत के गांजे को नष्ट कराया है। सोरांव थाना, नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा), थाना सोरांव और थाना मऊआइमा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 766.67 किलोग्राम अवैध गांजे का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।

पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 83 लाख 33 हजार 500 रुपये है। यह कार्रवाई उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई।

उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एनडीपीएस एक्ट-2022 के प्रावधानों के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण कराया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि थाना सोरांव और थाना मऊआइमा पुलिस ने पूर्व में अलग-अलग अभियानों के दौरान भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद कर तस्करों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई थी।

विवेचना पूरी होने और न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने के बाद न्यायालय के आदेश तथा संबंधित अधिकारियों की अनुमति से गांजे को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

उच्च स्तरीय समिति की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रक्रिया के तहत पूरे गांजे को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अग्नि के माध्यम से नष्ट किया गया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन दहन के तहत न्यायालय के आदेश और एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए गांजे का विनष्टीकरण किया गया है।

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़