उरई, 08 जुलाई।
जिले में महिला सुरक्षा और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसाकलार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक लंबे समय से फरार वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में वांछित अपराधियों की तलाश के लिए गठित विशेष टीम ने जाल बिछा रखा था। इसी कड़ी में थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गढ़गवा निवासी विकल दोहरे को दबोच लिया है।
आरोपित पर पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले दर्ज थे, जिसके बाद विशेष न्यायाधीश की अदालत ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह कई महीनों से इधर-उधर छिपकर रह रहा था।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में वांछित अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए की गई है।
इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने साफ किया है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगामी दिनों में फरार चल रहे अन्य आरोपितों पर भी कार्रवाई तेज की जाएगी।
















