छिंदवाड़ा, 08 जुलाई।
पांढुरना संसदीय क्षेत्र के सांसद बंटी विवेक साहू की 375 किलोमीटर लंबी धार्मिक पदयात्रा अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। 14 दिनों के इस संकल्प का सफर अब गुरुवार, 09 जुलाई को कटनी जिले में प्रवेश करने जा रहा है।
पिछले सात दिनों में सांसद ने छिंदवाड़ा और सिवनी की सीमाएं पार करते हुए 209 किलोमीटर का सफर जबलपुर तक तय किया है। पदयात्रा के दौरान उनके साथ सैकड़ों श्रद्धालु और संत-पूजारी भी निरंतर चल रहे हैं, जिससे पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
मंगलवार को पाटन बायपास पहुंचने के बाद सांसद ने बुधवार को अपनी यात्रा जारी रखी और 33 किलोमीटर का सफर तय कर गोसलपुर में रात्रि विश्राम किया। इस यात्रा को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
यात्रा के जबलपुर आगमन पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। पूर्व मंत्री रविकरण साहू, छिंदवाड़ा व जबलपुर के महापौर सहित कई वरिष्ठ नेता और समाजसेवियों ने सांसद के साथ कदम से कदम मिलाकर पदयात्रा में भागीदारी की।
सांसद की इस कठिन तपस्या को क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बंटी विवेक साहू का दृढ़ संकल्प अब कटनी जिले की ओर बढ़ चला है, जहां उनका स्वागत करने के लिए स्थानीय लोग उत्साहित हैं।
















