मध्य प्रदेश
08 Jul, 2026

धार में 589 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, सागौन से होगा पुनर्वनीकरण

धार वन मंडल ने अभियान चलाकर 589.63 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है और अब यहां सागौन रोपण के जरिए पुनर्वनीकरण किया जाएगा।

भोपाल, 08 जुलाई।

धार वन मंडल ने वन भूमि अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए जनवरी से मई 2026 के बीच कुल 589.63 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। मुक्त कराई गई भूमि पर अब सागौन रूट-शूट के माध्यम से पुनर्वनीकरण की तैयारी की जा रही है।

वन भूमि संरक्षण और अतिक्रमण नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, पुलिस, ग्राम वन समितियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सात वन परिक्षेत्रों में की गई।

अभियान के दौरान धार वन परिक्षेत्र में 100.55 हेक्टेयर, धामनोद में 35.10 हेक्टेयर, मांडव में 50.78 हेक्टेयर, सरदारपुर में 50.62 हेक्टेयर, टांडा में 93.76 हेक्टेयर, बाग में 202.82 हेक्टेयर और कुक्षी में 56 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

वन विभाग के अनुसार, मुक्त कराई गई भूमि को दोबारा हरित क्षेत्र में विकसित करने का लक्ष्य है। इसके लिए सागौन रूट-शूट तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को वैज्ञानिक पद्धति से सागौन रोपण, पौध संरक्षण और रखरखाव का प्रशिक्षण भी दिया गया है।

विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर प्राकृतिक वन संपदा का संरक्षण और संवर्धन करना है। पुनर्वनीकरण के माध्यम से इन क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने की योजना बनाई गई है।

वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। विभाग ने कहा कि वन भूमि सार्वजनिक और प्राकृतिक संपदा है, जिसकी सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर ने चेतावनी दी है कि वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति वन भूमि पर कब्जा करने या ऐसा प्रयास करने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़