बर्दवान, 08 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में मंगलवार की शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती ने एक उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना था।
इस अहम चर्चा में जिलाध्यक्ष देवदनु भट्टाचार्य, विधायक कृष्णेंद्र मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, अरिजित राय, अपूर्व हाजरा, बप्पा चटर्जी, तापस राय, काकोली घोष और पवन कुमार सिंह सहित जिले के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अमिताभ चक्रवर्ती ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में संगठनात्मक ढांचे को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली शक्ति उसका मजबूत संगठन है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल बनाकर जनहित के कार्यों में सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने आगामी जनसंपर्क अभियानों और बूथ स्तर पर पार्टी की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया।
















