मुरादाबाद, 08 जुलाई।
मुरादाबाद में एक महिला ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मूंढापांडे थाने में मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे बहाने से फार्महाउस पर बुलाया और नशा मिली कोल्डड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना ली।
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने मूंढापांडे थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक अबरार के खिलाफ शिकायत दी है। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे विश्वास में लेकर मई माह में मूंढापांडे क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस पर बुलाया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि फार्महाउस पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के दौरान आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना ली।
मूंढापांडे थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
















