भोपाल, 08 जुलाई।
प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 13 जुलाई से दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण, टीकाकरण और आधुनिक डेयरी तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने बुधवार को संचालनालय पशुपालन एवं डेयरी सभागार में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान किसानों के सुझाव भी लिए गए।
प्रमुख सचिव उमराव ने किसान संघ के पदाधिकारियों को बताया कि प्रदेश सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और मध्यप्रदेश को मिल्क कैपिटल के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पशुओं में नस्ल सुधार, बेहतर पोषण, टीकाकरण और सेक्स सॉर्टेड सीमेन जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी पशुपालकों तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरा चरण 13 जुलाई से शुरू होगा। इसके तहत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी पशुपालकों के घर जाकर उन्हें पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और योजनाओं की जानकारी देंगे।
अभियान के तीसरे चरण में 3 से 4 पशु रखने वाले गौवंश और भैंसवंश पालकों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के 5 लाख 72 हजार पशुपालकों के घर पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रमुख सचिव उमराव ने अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने प्रदेश में संचालित क्षीरधारा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। इसके लिए जरूरी है कि पशुपालकों तक विभागीय योजनाओं और आधुनिक तकनीकों का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संचालक डॉ. पी.एस. पटेल, सांची बोर्ड के एमडी डॉ. संजय गोवाणी, कुक्कुट विकास निगम के एमडी सत्यनिधि शुक्ला, नानाजी देशमुख वेटरनरी विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलसचिव एसएस तोमर और गौ-संवर्धन बोर्ड के रजिस्ट्रार डॉ. अनुपम अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















