अपराध
08 Jul, 2026

यूको बैंक एफडी धोखाधड़ी मामले में सात गिरफ्तार, खाताधारकों की रकम हड़पने का आरोप

रतलाम पुलिस ने यूको बैंक की एफडी से धोखाधड़ी के मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

रतलाम, 08 जुलाई।

मध्यप्रदेश के रतलाम में यूको बैंक एफडी धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक के एक आउटसोर्स कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खाताधारकों की सावधि जमा (एफडी) को समय से पहले तोड़कर राशि का दुरुपयोग किया।

माणकचौक थाना पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को फरियादी दिनेश बंजारा की शिकायत पर मामले में प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यूको बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मोबाइल एप के माध्यम से कई खाताधारकों की एफडी तोड़ दी और राशि को अपने व परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब मामले में धोखाधड़ी की कुल राशि, बैंकिंग प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में राहुल राठौर निवासी त्रिमूर्ति नगर रतलाम, रवि कुमावत निवासी ग्राम उमरन, दिनेश राव निवासी धीरजशाह नगर, अरुण जैन निवासी संत नगर, जितेंद्र कुमावत निवासी ग्राम उमरन, त्रिलोक झा निवासी मधुबनी (बिहार), हाल मुकाम मिडटाउन कॉलोनी रतलाम और मुकेश राठौर निवासी सिद्धार्थ नगर रतलाम शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़