जयपुर, 08 जुलाई।
राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र कुमार (30) निवासी झाब, जिला जालौर के रूप में हुई है। पुलिस उससे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
एसओजी के अनुसार, 19 मार्च 2023 को आयोजित हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा में महेंद्र कुमार ने पहले से गिरफ्तार बृजेश कुमार मीणा निवासी महुआ, दौसा के स्थान पर डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी। परीक्षा का आयोजन दौसा के श्री रामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालसोट रोड स्थित केंद्र पर हुआ था।
जांच में सामने आया कि महेंद्र कुमार के फर्जी तरीके से परीक्षा देने के कारण बृजेश कुमार मीणा का चयन हाईकोर्ट एलडीसी पद पर हो गया था। इसके बाद उसकी नियुक्ति धौलपुर जिले के बाड़ी स्थित एसीजेएम न्यायालय में हुई थी। मामला सामने आने के बाद न्यायालय ने उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया।
पूछताछ में बृजेश कुमार ने स्वीकार किया कि उसने परीक्षा में अनुचित लाभ लेने के लिए महेंद्र कुमार को अपनी जगह बैठाया था। उसने परीक्षा के दौरान कूटरचित हस्ताक्षर भी करवाए थे। इस मामले में एसओजी थाना जयपुर में दर्ज प्रकरण के तहत कार्रवाई करते हुए महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया।
एसओजी जांच में यह भी पता चला है कि महेंद्र कुमार पहले भी कई परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी के रूप में शामिल हो चुका है। वह प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा-हिन्दी) भर्ती परीक्षा-2022, वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 और वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में भी अन्य अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे चुका है। इन मामलों में भी उससे पूछताछ की जा रही है।
एसओजी ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
















