कोलकाता, 08 जुलाई।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना की जांच में जुटी एसआईटी को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी कबीर मोल्ला को उत्तर 24 परगना के बशीरहाट से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। रविवार को बच्ची का शव तालाब से मिलने के बाद से ही पुलिस इस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही थी।
इससे पहले मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि जब उसे घटनास्थल पर अपराध का पुनर्निर्माण कराने ले जाया गया था, तब उसने पुलिसकर्मी की सर्विस राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में हुई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में दिवाकर सरदार और आनंद सरदार नाम के दो अन्य आरोपी भी पुलिस की हिरासत में हैं, जिनमें आनंद सरदार को साजिश का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है।
पकड़े गए कबीर मोल्ला को आज दक्षिण 24 परगना की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी रिमांड की मांग करेगी ताकि पूछताछ के जरिए मामले की अन्य कड़ियां जोड़ी जा सकें। राज्य के उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन इस मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहा है। रविवार को शव बरामद होने के बाद हुई हिंसा, पुलिस पर हमले और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामलों की भी अलग से जांच चल रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर अब तक उपद्रव करने वाले 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार की घटना के दौरान इंद्रजीत तांती नाम के एक निर्दोष युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी पुष्टि मुख्यमंत्री ने भी कर दी है।
















