अपराध
08 Jul, 2026

राजगढ़ में दीवार तोड़कर 16 बकरा-बकरियां चोरी, दो घरों को बनाया निशाना

राजगढ़ के चमारी गांव में चोरों ने दीवार तोड़कर 16 बकरा-बकरियां चोरी कर लीं और दूसरे घर से कपड़े ले गए।

राजगढ़, 08 जुलाई।

राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के चमारी गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए 16 बकरा-बकरियां चोरी कर लीं। बदमाशों ने एक मकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पशुओं के साथ कपड़े भी ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार चमारी निवासी श्यामलाल लोधा ने शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने 8 बकरे और 8 बकरियों को चराकर घर लाए थे। उन्होंने सभी पशुओं को मकान के अंदर बने कमरे में बांध दिया था। रात में वह और उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सोने चले गए।

देर रात अज्ञात चोर मकान के पीछे की ओर से पहुंचे और दीवार तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए। इसके बाद बदमाश सभी 16 बकरा-बकरियों को लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो कमरे की दीवार टूटी हुई मिली और सभी पशु गायब थे। पीड़ित ने चोरी गए पशुओं की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है।

इसी रात चोरों ने गांव के ही मदनलाल के घर को भी निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी व पलंग पेटी की तलाशी ली। नगदी और जेवर नहीं मिलने पर वे घर से कपड़े लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद देहात थाना पुलिस और फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पशु चोरी करने वाले गिरोहों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़