श्रीगंगानगर, 08 जुलाई।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक नाबालिग के साथ हुए जघन्य गैंगरेप और तस्करी के मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग बेहद सख्त हो गया है। आयोग ने इस गंभीर मामले में प्रशासन से 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बुधवार को मामले की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से इस प्रकरण में घोर लापरवाही बरती गई है।
आयोग ने जांच को तेजी से पूरा करते हुए जल्द चार्जशीट दाखिल करने को कहा है ताकि पीड़िता को अदालत से शीघ्र न्याय मिल सके। अब तक एसआईटी ने होटल मैनेजरों समेत 18 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि शेष की धरपकड़ जारी है।
प्रशासन को आदेश दिए गए हैं कि जिले में संचालित सभी अवैध और गैर-पंजीकृत होटलों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस से यह भी पूछा गया है कि इतनी बड़ी घटना को रोकने में स्थानीय निगरानी तंत्र क्यों विफल रहा।
आयोग ने सोशल मीडिया पर पीड़िता से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को हटाने और इसे प्रसारित करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही पीड़िता के समुचित इलाज, सुरक्षा और पुनर्वास को सुनिश्चित करने को कहा गया है।
















