अपराध
08 Jul, 2026

जयपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, घर से बुलाकर ले गए थे बदमाश

जयपुर के आमेर में युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद लाठी-सरियों से पीटा गया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जयपुर, 08 जुलाई।

राजस्थान के जयपुर में आमेर थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। नगीनों का काम करने वाले 30 वर्षीय युवक वसीम खान की गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, काजीवाड़ा निवासी वसीम खान पुत्र अशरफ को मंगलवार को करीब 10 से 15 लोग घर से बुलाकर ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने अबूजार मस्जिद के पास युवक के साथ लाठी और सरियों से मारपीट की।

परिजनों के मुताबिक, हमलावर वसीम को वहां से पास के खेत और फिर एक फार्म हाउस पर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे घर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इसके बाद उसे उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने अखलाक, माहिर, बबलू, अज्जू, ईशान, सुका और सोहेल सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वसीम के पिता अशरफ ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी इन्हीं लोगों ने इलाके के कुछ लोगों और उनके बेटे के साथ मारपीट की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों के हौसले बढ़ गए।

मृतक के भाई मोहम्मद रईस ने बताया कि आरोपित किसी काम का बहाना बनाकर वसीम को घर से बुलाकर ले गए थे और वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

डीसीपी उत्तर करण शर्मा ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़