भोपाल, 08 जुलाई।
राजधानी भोपाल में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, सड़क हादसे, मारपीट, अवैध शराब और गुमशुदगी के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में नौवल अस्पताल के सामने से बाइक चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। फरियादी मुजम्मल खान ने पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाश उनकी हीरो मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
कमला नगर थाना क्षेत्र के राहुल नगर में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से सड़क दुर्घटना हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
एमपी नगर थाना क्षेत्र के कोटरा चौराहा पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुए हादसे में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 281 एवं 125-ए बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अशोका गार्डन थाना पुलिस ने रुचि कलारी के पास कार्रवाई करते हुए शैलेन्द्र राय को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 22 क्वार्टर देशी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2200 रुपये बताई गई है। वहीं शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले ब्रजेश के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
मिसरोद थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना पुलिस ने हमीदिया अस्पताल में मिले करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगा रही है।
गौतम नगर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल 53 वर्षीय सैय्यद शहजाद अली की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र से 27 वर्षीय महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर युवक से मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने फरमान उर्फ सादाब के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पिपलानी थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने लगे बैनर में तोड़फोड़ करने के मामले में कमलेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गौतम नगर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर से मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने अहमद के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
गौतम नगर थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति रहमान अली सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। महिला ने छह लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है।
छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शिवनगर में महिला से गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल 36 वर्षीय रवि की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
















