मेलबर्न, 08 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा को लेकर मेलबर्न में उत्साह का माहौल है। ऑस्ट्रेलिया में भारत के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए शहर पूरी तरह तैयार है और लोगों में इस दौरे को लेकर काफी उत्सुकता दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के निमंत्रण पर 8 से 10 जुलाई तक तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों पर विशेष चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा कि यह दौरा भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ बातचीत में रक्षा और सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, परिवहन और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न में भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसके अलावा उभरती तकनीक, खेल और खेल विज्ञान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी का ऑस्ट्रेलिया का तीसरा आधिकारिक दौरा है। यह यात्रा ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट का भी हिस्सा है, जो इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की उनकी तीन देशों की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह सप्ताह भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी के लिए बातचीत, आपसी जुड़ाव और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है।
हाई कमिश्नर ने मेलबर्न के वॉटरफ्रंट से जारी संदेश में कहा कि इस यात्रा में व्यापार और वाणिज्यिक संबंध अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते के बाद आर्थिक संबंध और मजबूत हुए हैं तथा भविष्य में इनके विस्तार की काफी संभावनाएं हैं।
फिलिप ग्रीन ने कहा कि मेलबर्न संस्कृति और खेल का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने भारत के साथ कला, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। उन्होंने क्रिकेट और खेल संबंधों को दोनों देशों के रिश्तों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ विस्तृत वार्ता करेंगे और ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी हिस्सा लेंगे, जहां दोनों देशों के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले भारत को महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, इसलिए ऑस्ट्रेलिया के लिए उसका महत्व लगातार बढ़ रहा है।
अल्बानीज़ ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग को दोनों देशों के लिए लाभकारी बताया।
















