देवरिया, 08 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला करने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लार थाना पुलिस ने जमसड़ा गांव के पास एक नवनिर्मित मकान में दबिश देकर तीन युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शौर्य यादव (19) निवासी मठ अमौना, शिवम यादव (22) निवासी भागलपुर थाना मईल और अमित यादव (19) निवासी आदर्शनगर पिंडी थाना लार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान शौर्य यादव के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से एक खोखा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया। वहीं, शिवम यादव के पास से भी .315 बोर का एक अवैध तमंचा मिला।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि आपसी विवाद और रंजिश के चलते उन्होंने प्रकाश यादव को गोली मारने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को लार थाना क्षेत्र के ऑलमाइटी मेमोरियल स्कूल, पिंडी के पास प्रकाश यादव को जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई थी।
इस मामले में लार थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी। अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद मामले में शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में शिवम यादव और अमित यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
















