नई दिल्ली, 08 जुलाई।
रोहिणी जिले के बेगमपुर इलाके में सिक्योरिटी गार्ड से लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया नकद, मोबाइल फोन, बैग और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि सोमवार शाम बेगमपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-23 के पास बाइक सवार चार युवकों ने एक सुरक्षा गार्ड के साथ लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चार लड़कों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपितों में से एक ने रॉड से हमला करने की धमकी देकर उसका मोबाइल, बैग और नकदी लूट ली। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में चारों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इससे पहले भी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
















