रायसेन, 09 अप्रैल।
रायसेन जिले में खेती को लाभकारी बनाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से “उन्नत कृषि महोत्सव-2026” का आयोजन 11 से 13 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें किसानों को तीन दिन तक देश के प्रमुख कृषि वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
जनसंपर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि इस महोत्सव में प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसानों को उन्नत खेती, नई तकनीकों और उत्पादन में सुधार के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। महोत्सव में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा स्टॉल लगाया जाएगा, जहां किसानों और पशुपालकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें उन्नत पशु एवं कुक्कुट प्रजातियों जैसे गिर, साहिवाल, थारपारकर गाय, मुर्रा भैंस, कड़कनाथ मुर्गी और रंगीन बैकयार्ड बर्ड्स का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए सोजत, बीटल, बारबरी, जमुनापारी और सिरोही नस्लों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मध्यप्रदेश गौ-संवर्धन बोर्ड महोत्सव में आदर्श गौशाला मॉडल प्रस्तुत करेगा। इससे गौशाला स्थापना, निराश्रित गोवंश प्रबंधन, स्वावलंबी गौशाला स्थापना नीति-2025 और गौ-उत्पाद जैसे पंचगव्य एवं गौ-शिल्प के उपयोग पर जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय सुधारने के लिए विभाग की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी महोत्सव में दी जाएगी। इसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना, क्षीरधारा ग्राम योजना, हिरण्यगर्भा अभियान और दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान शामिल हैं।
मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम भोपाल द्वारा उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें नेशनल लाइवस्टॉक मिशन, राष्ट्रीय गोकुल मिशन, सेक्स सॉर्टेड सीमन तकनीक, एंब्रियो ट्रांसफर तकनीक, चलित पशु चिकित्सा इकाई, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम और राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)