हुगली, 29 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान बुधवार को हुगली जिले के धनेखाली स्थित अनंतपुर प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। इस मतदान केंद्र का माहौल ऐसा था जैसे किसी भव्य समारोह का आयोजन किया गया हो।
केंद्र के प्रवेश द्वार पर जहां केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी, वहीं स्थानीय महिला स्वयंसेवकों ने मतदान करने पहुंचे मतदाताओं को गुलाब के फूल देकर उनका स्वागत किया। मतदान केंद्र के भीतर मतदाताओं के लिए कॉफी की व्यवस्था की गई थी, और शहनाई की मधुर धुन से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया था।
मौसम की गर्मी से बचने के लिए मतदान केंद्र पर शेड की व्यवस्था की गई थी, साथ ही बैठने के लिए कुर्सियां और ठंडे पानी का भी प्रबंध किया गया था। मतदान केंद्र पर आने वाले हर व्यक्ति को ऐसा लग रहा था जैसे वह किसी शादी समारोह में भाग लेने जा रहा हो।
दूर से देखने पर भी यह दृश्य बेहद आकर्षक और आयोजन की तरह नजर आ रहा था। केंद्र में महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतारें भी देखी गईं, और सभी ने हर्ष और उल्लास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।






.jpg)






