इंदौर, 09 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जैन ने टीकाकरण केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण की प्रक्रिया, लाभार्थी बच्चों की उपस्थिति, पंजीयन प्रणाली और अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यालयों में उपस्थित छात्राओं और उनके अभिभावकों से संवाद कर एचपीवी टीकाकरण के महत्व को स्पष्ट रूप से समझाया। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में महिलाओं में होने वाले कुछ गंभीर रोगों और कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। जैन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं और अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग दें।
जिला प्रशासन ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के दल गठित किए हैं, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी पात्र लाभार्थी का टीकाकरण छूट न जाए।
अभियान के प्रचार-प्रसार और जागरूकता के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को इस स्वास्थ्य सुरक्षा पहल का लाभ मिल सके। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और टीकाकरण कवरेज बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)