अपराध
10 Apr, 2026

अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, आठ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो कई राज्यों में वारदातें कर रहे थे।

रायपुर, 10 अप्रैल 2026।

राजधानी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह में सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो विभिन्न राज्यों में घूमकर सोने की चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लग्जरी वाहन, विशेष रूप से इनोवा में सवार होकर अलग-अलग शहरों में पहुंचता था और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाता था। बाजार, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ का फायदा उठाकर ये लोग लोगों के गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो जाते थे।

जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों ने रायपुर शहर में कई स्थानों पर लगातार वारदातों को अंजाम दिया है। शहर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी.नगर थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की 15 सदस्यीय टीम ने विशेष योजना बनाई और तकनीकी विश्लेषण किया। इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन सहित आरोपितों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और अभय हातागले शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और एक इनोवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की गई चेन को बेचकर प्राप्त रकम से ही आरोपितों ने वाहन खरीदा था, जिसका उपयोग वे वारदातों में करते थे।

पूछताछ में यह जानकारी भी मिली है कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत स्थान बदल लेते थे, जिससे पुलिस की पकड़ से बच सकें। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़