भोपाल, 09 अप्रैल।
मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में खरगोन जिले के कसरावद विकासखंड ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी क्रम में पूरे जिले को जल संरक्षण में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान भी मिला।
खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बारिश के पानी को बचाने और पुराने जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। 19 मार्च से प्रारंभ इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में मनरेगा के माध्यम से खेत तालाब, अमृत सरोवर, कूप रिचार्ज पिट और अन्य जल संरक्षण संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।
कसरावद विकासखंड ने 7.01 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया। अभियान के दौरान ब्लॉक में निर्धारित 1,236 कार्यों में से 855 कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए। स्वीकृत कुल 24.10 करोड़ रुपये में से 20.76 करोड़ रुपये (86.1 प्रतिशत) का प्रभावी व्यय-बुकिंग दर्ज किया गया, जो वित्तीय प्रबंधन और कार्य निष्पादन की उत्कृष्टता को दर्शाता है।
कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि अभियान में फार्म पोंड, अमृत सरोवर, डग वेल रिचार्ज, जल संरक्षण और रिचार्ज, वाटरशेड निर्माण और मरम्मत-रखरखाव जैसे कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अमृत सरोवर, वाटरशेड और मरम्मत कार्यों में 100 प्रतिशत सफलता, फार्म पोंड में 90 प्रतिशत से अधिक और डग वेल रिचार्ज में लगभग 86 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया।
यह उपलब्धि खरगोन जिले और कसरावद ब्लॉक के समर्पित प्रयास और सटीक क्रियान्वयन की पुष्टि करती है और प्रदेश में जल संरक्षण के महत्व को उजागर करती है।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)