सतना, 09 अप्रैल।
सतना शहर के हनुमाननगर नई बस्ती (वार्ड 18) में खोली गई लाइसेंसी शराब दुकान को स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के बाद गुरुवार को प्रशासन ने सील कर दिया। कार्रवाई एसडीएम राहुल सिलाड़िया की मौजूदगी में संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे दुकान पर ट्रक से शराब की पहली खेप पहुंची थी। अगले दिन सुबह ठेकेदार ने नारियल फोड़कर दुकान का शुभारंभ किया और थोड़ी देर के लिए बिक्री भी शुरू हुई। जैसे ही यह खबर बस्ती में फैली, वार्ड 18 के निवासी बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। विरोध का नेतृत्व वार्ड पार्षद मनीषा अजय सिंह ने किया।
सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल सिलाड़िया राजस्व अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दुकान को सील करवा दिया। इससे पहले भी क्षेत्रवासियों ने शनिवार को प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था, उस समय एसडीएम ने लोगों से वार्ता कर नियमों के उल्लंघन पर दुकान न खोलने का आश्वासन दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर दुकान खोली गई, वह पूरी तरह आवासीय क्षेत्र है। आसपास मंदिर, पीपल वृक्ष के नीचे स्थापित भगवान शंकर की प्रतिमा और एक निजी विद्यालय स्थित हैं, जिससे वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई। विरोध के दौरान पूर्व पार्षद अजय सिंह सहित अन्य नागरिकों ने सवाल उठाया कि जब पहले भी जनविरोध के कारण शराब दुकान हटाई जा चुकी थी, तो नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में उसी स्थान पर अनुमति कैसे दी गई। प्रशासन द्वारा दुकान सील किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)