जयपुर, 13 अप्रैल।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर राजस्थान हाईकोर्ट सहित सभी न्यायालयों में सोमवार से ग्रीष्मकालीन समय-सारिणी लागू कर दी गई है, जो 28 जून तक प्रभावी रहेगी। हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जोधपुर मुख्यपीठ, जयपुर खंडपीठ और सभी अधीनस्थ न्यायालयों में कार्य समय में बदलाव किया गया है। अब हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगा, जबकि न्यायाधीशों के लिए 10:30 से 11 बजे तक मध्यावकाश निर्धारित किया गया है। रजिस्ट्री और अन्य कार्यालयों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा, जिसमें कर्मचारियों के लिए 10:30 से 10:45 बजे तक विश्राम का प्रावधान किया गया है।
जिला एवं सेशन न्यायालयों सहित सभी अधीनस्थ अदालतों में भी समय में परिवर्तन किया गया है। इन अदालतों में अब सुनवाई सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि 10 से 10:15 बजे तक मध्यावकाश रखा गया है। कार्यालय कार्य सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक जारी रहेगा। पीठासीन अधिकारियों के लिए चेंबर कार्य का समय भी निर्धारित किया गया है, जिसके तहत न्यायाधीश सुबह 7:30 से 8 बजे तक तथा दोपहर 12:30 से 1 बजे तक आदेश लेखन एवं प्रशासनिक कार्य करेंगे।
प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में न्यायालयों के समय में परिवर्तन किया जाता है, ताकि न्यायिक कार्य सुचारु रूप से जारी रहे और साथ ही कर्मचारियों तथा वादकारियों को गर्मी से राहत मिल सके।


.jpg)




.jpg)




.jpg)