अपराध
10 Apr, 2026

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, दहेज हत्या के आरोप

सीवान के नबीगंज गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सीवान, 10 अप्रैल 2026।

बड़हरिया थाना क्षेत्र के नबीगंज गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय प्रियंका कुमारी उर्फ बड़की के रूप में हुई है, जो विकास कुमार साह की पत्नी थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकीदार ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद थानाध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया और प्रारंभिक जांच शुरू की।

मृतका के परिजन सारण जिले के जनता बाजार से सूचना मिलते ही गांव पहुंचे और सीधे थाने में पति तथा सास-ससुर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही प्रियंका को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई, जिसमें गला दबाने या फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़