लातेहार, 13 अप्रैल।
जिले के बारियातू थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को सोमवार को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध अफीम कारोबार पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है।
थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बालुभांग पंचायत के इंदुआ तथा हेरनहोपा गांव से जुड़े अफीम खेती मामले में वांछित आरोपी अपने-अपने घरों में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम का गठन किया गया।
बालूमाथ एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंदुआ गांव निवासी बिनेश्वर यादव और हेरनहोपा गांव निवासी कनन गंझू उर्फ कुंदन गंझू को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही मामले दर्ज हैं और उनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिसकर्मी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से छापेमारी को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।








.jpg)



