फर्रुखाबाद, 10 अप्रैल 2026।
थाना मऊ दरबाजा क्षेत्र में बीती रात शातिर चोरों ने पुलिस चौकी के पास स्थित बाजार में तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सीओ सिटी, थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज पहुंचे और जांच शुरू की, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
चोरों ने हथियापुर पुलिस चौकी के निकट स्थित बाजार में तीन दुकानों के शटर उचकाकर वारदात को अंजाम दिया। श्री ओम मंगला गौरी ज्वैलर्स से करीब चार लाख रुपये मूल्य का सोना और तोड़ियां चोरी हो गईं, जिसके मालिक मनोज कुमार शर्मा हैं।
इसी तरह आशा ज्वैलर्स से 450 ग्राम चांदी, 10 ग्राम सोना, 19,800 रुपये नकद और तीन चांदी के सिक्के चोरी कर लिए गए। दुकान मालिक दिनेश वर्मा को सुबह पड़ोसी के फोन से घटना की जानकारी मिली।
वहीं आर वी जन सेवा केंद्र एंड गारमेंट्स की दुकान से लाखों रुपये के कपड़े, मोबाइल, लैपटॉप, लेमिनेशन मशीन, फिंगर मशीन और अन्य गारमेंट्स का सामान भी चुरा लिया गया। दुकान मालिक अनुराग वर्मा ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने जब वह चौकी पहुंचे तो वहां कोई मौजूद नहीं था।
बताया गया है कि तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, जो नंगे पैर बेलचा से शटर उचकाते दिखाई दिए। पुलिस चौकी के पास हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र में दहशत फैल गई है और व्यापारियों में आक्रोश है, जबकि स्थानीय लोगों ने रात में गश्त न होने पर सवाल उठाए हैं। थानाध्यक्ष ने जल्द ही मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है।







_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)

